
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन आज दिल्ली से लौट गई हैं। यहां लौटकर उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान में हुए महारैली के अनुभवों को साझा किया। कल्पना ने कहा यह मेरा यह पहला कदम था रामलीला मैदान में। मैं पहले कभी रामलीला मैदान नहीं गई थी।
मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि झारखंड की तरफ से मुझे चंपाई चाचा के साथ अपनी बातों को रामलीला मैदान में रखने का मौका मिला। हमारे इंडिया गठबंधन को मजबूती देने का मौका मिला। कल्पना ने आगे कहा जिस तरह से हेमंत सोरेन ने चार साल से हमारी मुख्यमंत्री के तौर पर काम किया, जिस तरह से उनके साथ भेदभाव किया गया। चुनाव से पहले उनकी गिरफ्तारी हुई है। उन सारी बातों को रखने का मौका मिला।